सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र के कुफर गांव की होनहार बेटी परीक्षा कुमारी पुत्री बस्ती राम ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एचपीआरसीए हमीरपुर द्वारा आयोजित परीक्षा में उनका चयन गणित अध्यापिका पद के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खास बात यह रही कि परीक्षा कुमारी ने निजी स्कूल में सेवाएं देने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी लगातार जारी रखी। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत को सफलता में बदल दिया। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
परीक्षा कुमारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल जिला चंबा से प्राप्त की। इसके अलावा उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला जिला ऊना में भी छह माह तक अध्ययन करने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने राजकीय महाविद्यालय नाहन से बीएससी ऑनर्स नॉन मेडिकल की पढ़ाई पूरी की। शिक्षक बनने के अपने सपने को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने राजकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला से बीएड तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से गणित विषय में एमएससी की डिग्री हासिल की। इसी दौरान उन्होंने एचपी टेट परीक्षा 105 अंकों के साथ उत्तीर्ण की तथा सीटेट पेपर-1 और पेपर-2 भी क्वालीफाई किया। परीक्षा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा विभिन्न स्कूलों के गुरुजनों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं। उनकी सफलता पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
