सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब,
थाना माजरा के अंतर्गत कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में आपसी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला कर तीन लोगों को चोटिल कर दिया गया, वहीं दूसरे मामले में गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज धौलाकुआं के एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शौकत अली निवासी गांव लोहगढ़, हरीपुरखोल ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसके भाई इस्मूदीन और आजिम खान के बीच किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आजिम खान और उसके ससुर अली नवाज निवासी बिजोली, सढौरा, हरियाणा ने अपने साथ आई दो महिलाओं और 10-12 अज्ञात लड़कों को बुला लिया। आरोपियों ने शौकत अली के परिवार पर अचानक हमला बोल दिया इस में शिकायतकर्ता शौकत अली, उसका भाई इस्मूदीन और इमरान घायल हो गए।
दूसरे मामले में, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज धौलाकुआं के एक छात्र को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विशाल कुमार निवासी बिलासपुर, हाल छात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि धौलाकुआं में कुछ छात्रों और स्थानीय व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, गाली-गलौज की और उसे मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया। पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि आरोपी छात्र अंकुश, कृष चौधरी, करण, मोहित, आयुष शर्मा और अथरव ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने कहा कि यदि उसने इस घटना की शिकायत कॉलेज प्रशासन या पुलिस से की, तो वे उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। एस॰पी॰ सिरमौर ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि माजरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगामी तफ्तीश जारी रखी है। हुड़दंग और मारपीट करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
