सबसे तेज खबर/ शिलाई (नीलम ठाकुर)

राजकीय महाविद्यालय शिलाई में आयोजित एनसीसी कैंप का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे.एस. चौहान तथा बीडीओ शिलाई उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कैडेट्स को अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। राजकीय महाविद्यालय शिलाई के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 मेडल अपने नाम किए। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में सलोनी ठाकुर प्रथम रहीं। एसडब्ल्यू कबड्डी प्रतियोगिता में कप्तान नलिनी के नेतृत्व में टीम विजेता बनी। एसडब्ल्यू फायरिंग में कौशल्या ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता में भी कॉलेज टीम ने बाजी मारी।


भाषण प्रतियोगिता में तनिषा चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एसडी फायरिंग में रोहित दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कौशल्या ठाकुर उपविजेता रहीं। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में कॉलेज टीम ने दूसरा तथा ग्रुप सॉन्ग एवं ड्रिल प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। वहीं एनसीसी प्रभारी एवं सहायक आचार्य राम लाल ठाकुर ने कैंप के सफल आयोजन और कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और टीम भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.