सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 264 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम भांटावाली रेनबेक्सी चौक से गंगुवाला जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कार नंबर HR04B-3205 को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने अचानक वाहन को दाहिनी ओर कच्चे रास्ते में उतारकर भागने की कोशिश की। आगे आम का पेड़ और सड़क किनारे पड़े लोहे के पाइप होने के कारण चालक वाहन को आगे नहीं ले जा सका।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को कब्जे में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बसारत अली पुत्र यामीन मोहम्मद निवासी गांव घुतनपुर, डाकघर बातामंडी, तहसील व थाना पांवटा साहिब, जिला सिरमौर बताया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे एक बैग से स्ट्रिपों में 264 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी उक्त कैप्सूलों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या डॉक्टर की पर्ची पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में धारा 22 व 25 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 26 मई 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
