सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर की विशेष अन्वेषण इकाई (एस.आई.यू) टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम गश्त के दौरान रैनबैक्सी चौक पांवटा साहिब के पास मौजूद थी, तभी गुप्त सूत्र से सूचना मिली कि मुर्तजा उर्फ फरमान पुत्र मुख्तार, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), क्षेत्र में लंबे समय से चिट्टा/स्मैक की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर एस.आई.यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान, विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल केदारपुर के पीछे निर्माणाधीन मकान के पास खेत में दबिश दी। मौके पर आरोपी को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में पकड़े हेलमेट के फोम के अंदर छुपाकर रखी गई 11.16 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एन.डी &पी.एस एक्ट की धारा 21, 25, 61-1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एस.पी सिरमौर एन.एस नेगी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। पुलिस इस मामले में पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, जिससे क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके। पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.