JPL के विजेता खिलाड़ियों का पूरा खर्च उठाएगा जंग परिवार: पांवटा साहिब की दो टीमें करेंगी बाहरी टूर्नामेंट में नेतृत्व…

सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब

आज जंग प्रीमियर लीग (JPL) की आयोजक कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की गई। बैठक में युवा नेता अरिकेश जंग विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में आयोजित JPL क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान अरिकेश जंग एवं उनकी टीम द्वारा यह घोषणा की गई थी कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का पूरा खर्च जंग परिवार द्वारा वहन किया जाएगा। अरिकेश जंग ने बताया कि JPL की अगुवाई के लिए दो टीमें, JPL डिफेंडर और JPL लेजेंड्स का गठन कर लिया गया है। इन दोनों टीमों की एंट्री चांदनी में आयोजित होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट में करवा दी गई है, जहां ये टीमें पांवटा साहिब का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन दोनों टीमों के खिलाड़ियों का संपूर्ण खर्च भी अरिकेश जंग द्वारा उठाया जाएगा।

इस अवसर पर अरिकेश जंग ने कहा कि पांवटा साहिब के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे हर क्षेत्र में चाहे खेल हो या पढ़ाई उनके साथ खड़े हैं और भविष्य में भी हर संभव प्रयास करते रहेंगे। गांव-गांव से चुने गए खिलाड़ियों ने इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहब्बत अली ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 9 फरवरी 2026 को पांवटा साहिब में चिट्टे (नशे) के खिलाफ युवाओं द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग की विशेष उपस्थिति रहेगी। बैठक में JPL आयोजक कमेटी के सदस्य, भाटावाली पंचायत प्रधान राकेश चौधरी, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष करण चौहान, पारस, मोहित, अखिल, साहिल, गोल्डी, रोहित, अभिषेक, सुरजीत, सतीश, नवीन, हिमांशु, योगेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.