सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
पांवटा साहिब में 4 मार्च से शुरू हो रहे ऐतिहासिक होली मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर दिए हैं। 4 से 10 मार्च तक चलने वाले इस मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए लगभग 350 पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। एन.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने पांवटा में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस बल के साथ रिजर्व की दो बटालियनें तथा जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। मेले के दौरान पूरे पांवटा साहिब को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पहले सेक्टर में मेला स्थल, पुलिस थाना, गुरुद्वारा साहिब, एसडीएम कॉम्प्लेक्स, नगर परिषद कार्यालय, यमुना घाट और सिविल अस्पताल शामिल हैं। दूसरे सेक्टर में गर्ल्स स्कूल से वाई प्वाइंट, मुख्य बाजार, हाउसिंग एरिया और बस स्टैंड को रखा गया है।
तीसरे सेक्टर में यमुना बैरियर से बांगरण चौक, विश्वकर्मा चौक, देवीनगर तथा वार्ड नंबर 9 और 10 को शामिल किया गया है। चौथे सेक्टर में बांगरण चौक से बद्रीपुर चौक, सब्जी मंडी क्षेत्र, मिशन स्कूल एरिया, गवर्नमेंट कॉलेज एरिया, हरिपुर टोहाना रोड, तारूवाला रोड और भूपपुर को रखा गया है। इस सेक्टर के जिम्मे संपूर्ण यातायात व्यवस्था रहेगी, विशेषकर यमुना बैरियर से बद्रीपुर तक। मेला स्थल पर एक वॉच टावर स्थापित किया जाएगा, जहां एक जवान 24 घंटे हथियारों से लैस तैनात रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 100 सीसीटीवी कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं। क्यूआरटी और पीएसआर की गाड़ियां भी 24 घंटे गश्त कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। मेला इंचार्ज एवं मानवेन्द्र ठाकुर, डीएसपी पांवटा ने बताया कि मेले की सुरक्षा का जिम्मा 350 से अधिक पुलिस और होमगार्ड जवानों पर रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी मेले के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील की है।

Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
