सबसे तेज खबर/ शिलाई (नीलम ठाकुर)
जिले सिरमौर और खास कर गिरिपार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि युवा खिलाड़ी कपिल छींटा ने खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नेशनल कबड्डी ऑफिशियल की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। अब वे राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं में रेफरी/अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उपमंडल शिलाई के कैलात गांव से सम्बन्ध रखने वाले कपिल छींटा ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से बी.पी.एड और एम.पी.एड की शिक्षा प्राप्त की और अब वर्तमान में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राय (सोनीपत) से डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग कबड्डी (एनआईएस) का प्रशिक्षण ले रहे हैं। नेशनल कबड्डी ऑफिशियल की परीक्षा बेहद कठिन मानी जाती है, जिसमें खेल के नियमों की गहरी समझ, शारीरिक फिटनेस और त्वरित निर्णय क्षमता का परीक्षण किया जाता है। कपिल छींटा ने इन सभी मानकों पर खरा उतरते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
खेलों में पहले से ही अपनी पहचान बना चुके कपिल अब सीनियर नेशनल चैंपियनशिप और भविष्य में प्रो कबड्डी जैसे बड़े मंचों पर भी अपनी भूमिका निभा सकते हैं। इससे पहले सिरमौर से अतर सिंहटा ही प्रो कबड्डी जैसी प्रतिष्ठित लीग में सेवाएं दे चुके हैं। कपिल छींटा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले और गिरिपार क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनका यह सफर मेहनत, लगन और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण है, जो युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
