सबसे तेज खबर/ शिलाई

सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में सड़क हादसों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज तड़के रोनहाट के समीप एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में 35 वर्षीय एक युवक की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह करीब 7:00 बजे रोनहाट पेट्रोल पंप के निकट पेश आया। एक हुंडई औरा कार (HP71A 7990) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के साथ राहत कार्य शुरू किया। युवक को बहुत ही कठिन परिस्थितियों में खाई से बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोनहाट ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नागरिक अस्पताल शिलाई रेफर कर दिया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान अजय (35 वर्ष), पुत्र सूरत सिंह, निवासी शरोग के रूप में हुई है। पेशे से पेंटर और बजंतरी का काम करने वाले अजय अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर है। पुलिस द्वारा शिलाई अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद कल शव परिजनों को सौंपा जाएगा।पुलिस अधीक्षक (SP) सिरमौर, निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम और ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था, लेकिन युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.