सबसे तेज खबर/ नाहन
जिला मुख्यालय नाहन की सदर पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए एक सरकारी चिकित्सक की संलिप्तता का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हरिपुरधार में तैनात डॉ. आदित्य शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद अब 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर शिकंजा कसा है। जांच के दौरान डॉ. आदित्य के मोबाइल से मिली व्हाट्सएप चैट और बैंक ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि डॉक्टर ने ही अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को अपनी स्कूटी (HP 18B 0444) देकर नारायणगढ़ (हरियाणा) भेजा था, जहाँ से वे 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन की खेप लेकर आए थे।
पुलिस की पूछताछ और जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आरोपी चिकित्सक वर्ष 2020 से नशे की गंभीर गिरफ्त में है। साक्ष्यों के अनुसार, वह दिन में कई बार इंजेक्शन के जरिए नशा करता है। पकड़े गए अन्य आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने नशे की यह खेप हरियाणा के विक्की नामक सप्लायर से खरीदी थी। पुलिस ने अभियोग संख्या 47/26 (ND&PS एक्ट की धारा 21) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता और गहराई को देखते हुए आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डेटा को गहन वैज्ञानिक जांच के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैब (SFSL) भेज दिया गया है। एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति का इस तरह नशे के कारोबार और सेवन में शामिल होना समाज के लिए चिंता का विषय है। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘नशा मुक्त सिरमौर’ अभियान के तहत किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका पद या रसूख कुछ भी हो।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
