सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर सतोंन, चाँदनी व आप पास के स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। लोगों ने उपमंडल अधिकारी कफोटा की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार कमराऊ को ज्ञापन सौंपते हुए सतौन–रेणुका जी सड़क के पक्कीकरण, जर्जर पुल की मरम्मत और बंद पड़ी उप-तहसील को पुनः शुरू करने की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि सतौन से रेणुका जी तक जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं और धूल-मिट्टी की मोटी परत जमी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग मानल, पेदुआ, भजौन, सटियार, अंबोन और चांदनी सहित कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन विभाग द्वारा केवल अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर गड्ढे भरे जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस सड़क का स्थायी रूप से पक्कीकरण किया जाए।
इसके अलावा सतौन में स्थित पुल की हालत भी बेहद जर्जर बताई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने चेताया कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। तीसरी प्रमुख मांग के रूप में सतौन में स्थापित उप-तहसील को दोबारा संचालित करने की मांग उठाई गई है। लोगों का कहना है कि उप-तहसील बंद होने से उन्हें प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है। अंत में ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को 7 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि यदि तय समय में मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय युवा वर्ग आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
