सबसे तेज खबर/ नाहन (नीलम ठाकुर)

जिला सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के को गुम होने के महज 24 घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह मामला उपमंडल शिलाई के ग्राम धनना का है, जहां एक किशोर के अचानक लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पड़ोसी राज्य पंजाब की पुलिस के साथ बेहतर तालमेल के चलते बच्चे को पटियाला जिले के शंभू क्षेत्र से ढूंढ निकाला गया। घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम धनना (डाकघर व तहसील शिलाई) निवासी ने लड़के के लापता होने की रिपोर्ट रात करीब 2:00 बजे दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता और बच्चे की उम्र को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आया। एसपी सिरमौर के दिशा-निर्देशों पर एसएचओ (SHO) जीत राम, एएसआई (ASI) अनिल और हेड कांस्टेबल (HC) निखिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने बिना समय गंवाए जांच की कमान संभाली।

पुलिस टीम ने अपनी जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं को आधार बनाया, जिससे यह संकेत मिले कि बच्चा पंजाब की ओर निकल गया है। समय की नजाकत को समझते हुए सिरमौर पुलिस ने तुरंत जिला पटियाला (पंजाब) के थाना शंभू की पुलिस से संपर्क साधा। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच निरंतर सूचनाओं का आदान-प्रदान होता रहा, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस टीम बच्चे की सटीक लोकेशन ट्रेस करने में कामयाब रही। रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 24 घंटों के भीतर ही पुलिस टीम ने लड़के को शंभू (पंजाब) से सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे की सुरक्षित बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और सिरमौर पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने भी अपनी टीम की पीठ थपथपाई है, जिसने रात भर जागकर इस संवेदनशील मामले को रिकॉर्ड समय में सुलझाया।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.