सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पांवटा साहिब में कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान ने प्राचीन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने पंडितों से आशीर्वाद प्राप्त किया और हिमाचल की समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास भी लगाई। इस मौके पर प्रदीप चौहान ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे हिमाचल प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने हर संकट की घड़ी में मजबूती से खड़े होकर हालात का सामना किया है। चाहे प्राकृतिक आपदा हो या आर्थिक चुनौतियां, मुख्यमंत्री ने हर मोर्चे पर एक सशक्त नेतृत्व का परिचय दिया है और प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष लगातार अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रदेश कठिन दौर से गुजर रहा था, उस समय भाजपा नेताओं ने सहयोग देने के बजाय केवल राजनीति करने का काम किया।

प्रदीप चौहान ने कहा कि आज प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता मुख्यमंत्री के समर्थन में खड़ी है और उनके नेतृत्व पर विश्वास जता रही है। वहीं भाजपा के नेता महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं, जो उनकी नीयत को साफ दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में हिमाचल की जागरूक जनता भाजपा को उसके राजनीतिक रवैये का करारा जवाब देगी। जनता अब समझ चुकी है कि कौन विकास के लिए काम कर रहा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। अंत में उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की आयु लंबी हो, उनके जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और वे इसी तरह हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाते रहें। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल जल्द ही आत्मनिर्भर बनकर देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.