सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026–27 के बजट को जनहित, सामाजिक सुरक्षा और समग्र विकास का संतुलित दस्तावेज बताया गया है। ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के सोशल मीडिया समन्वयक ठाकुर सुनील चौहान ने बजट को आत्मनिर्भर हिमाचल की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि सरकार ने गंभीर वित्तीय चुनौतियों के बावजूद समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि 54,928 करोड़ रुपये का यह बजट गरीब, महिला, युवा और किसान केंद्रित योजनाओं को समर्पित है। एक लाख गरीब परिवारों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली देने का निर्णय आम जनता को बड़ी राहत प्रदान करेगा। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में इंदिरा गांधी सुख-सम्मान निधि योजना के अंतर्गत एक लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये प्रदान करने का निर्णय ऐतिहासिक बताया गया है। इसके अतिरिक्त निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु शगुन राशि बढ़ाकर 50,000 रुपये करना भी सराहनीय कदम है। दिव्यांगजनों की सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए पेंशन राशि 1700 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दी गई है।

चौहान ने कहा कि बजट में प्रदेश के सभी जिलों के संतुलित विकास को प्राथमिकता दी गई है। 10,000 बीघा भूमि पर आधुनिक टाउनशिप विकसित करने तथा कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की घोषणा से रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। किसानों और पशुपालकों के हित में सरकार ने दूध के दामों में 10 रुपये की वृद्धि, कृषि उपकरणों पर अनुदान तथा सिंचाई योजनाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए राहत और फसल सुरक्षा योजनाएं भी बजट का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वित्तीय अनुशासन का परिचय देते हुए अपनी 50 प्रतिशत, मंत्रियों की 30 प्रतिशत तथा विधायकों की 20 प्रतिशत वेतन राशि आगामी छह माह के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है अधिकारियों के वेतन में भी अस्थायी कटौती की गई है, जबकि ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों को इससे बाहर रखा गया है। यह बजट सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल देता है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकेगा। किसानों के लिए यह बजट वरदान सिद्ध होगा। अंत में ठाकुर सुनील चौहान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को जनहितैषी और दूरदर्शी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वित्तीय परिस्थितियाँ चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सरकार ने संतुलित और समावेशी बजट प्रस्तुत कर प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं को पूरा किया है।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.