सबसे तेज खबर/नाहन

उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शुमार श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेले का भव्य आगाज़ हुआ। नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर में एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला, जब पहली बार आयोजित ‘विशेष शिव-गौरा महाआरती’ के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।चैत्र नवरात्र के पहले दिन की शाम को मंदिर परिसर के समीप स्थित शिव तालाब पर एक विशेष आयोजन किया गया। यहाँ पहली बार 3000 देसी घी के दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा तालाब क्षेत्र दूधिया रोशनी और दीपों की जगमगाहट से खिल उठा। इस दिव्य ‘महाआरती’ में मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन, राजीव सांख्यान ने विशेष रूप से शिरकत की। दीपों की इस कतार और मंत्रोच्चारण के बीच भक्तों ने एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया।

मंदिर न्यास से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, नवरात्र के पहले दिन करीब 9,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। आस्था के इस संगम में भक्तों ने खुले मन से दान भी किया। पहले ही दिन मंदिर के खजाने में 25,04,750 रुपये (पच्चीस लाख चार हजार सात सौ पचास रुपये) नकद चढ़ावे के रूप में अर्पित किए गए। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा सोना और चांदी भी अर्पित किया गया है, जिसकी गणना की जा रही है।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.