सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले पुलिस थाना माजरा में विद्युत विभाग के एक अधिकारी के साथ मारपीट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बीती रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे सहायक अभियंता (AE) पर तीन अज्ञात व्यक्तियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में रणजीत सिंह, पुत्र दया राम, निवासी गांव हीरापुर (बिलासपुर), जो वर्तमान में गिरीनगर पावर हाउस में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं, ने बताया कि वह 16 मार्च 2026 की रात को अपनी ड्यूटी खत्म कर पावर हाउस से घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। जैसे ही वह उनके पास से गुजरे, उन व्यक्तियों ने जानबूझकर उनके चेहरे पर टॉर्च की तेज रोशनी डाली।
जब रणजीत सिंह ने टॉर्च मारने का कारण पूछा, तो शराब के नशे में धुत तीनों व्यक्ति बहस करने लगे और देखते ही देखते उन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके सिर पर चोट पहुंचाई और हाथापाई के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए। अधिकारी ने किसी तरह वहां से बचकर अपनी जान बचाई और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस थाना माजरा ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
