सबसे तेज़ खबर/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के वार्ड नंबर-6 शुभखेड़ा में बांगरन–पांवटा साहिब रोड पर टूटा सीवरेज ढक्कन लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सीवरेज लाइन का ढक्कन टूटने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही है और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासी नवीन अग्रवाल, राकेश कुमार, अजीत सिंह और विशाल चौहान ने बताया कि सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बहने से आसपास के घरों और दुकानों तक बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा कि अब गर्मियों का मौसम शुरू होने के कारण गंदे पानी में मच्छर भी पनपने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले कुछ समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को बदबू और संभावित बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि भारी ट्रालों के आवागमन के कारण सीवरेज लाइन का ढक्कन टूट गया है, जिसके चलते गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जल्द ही ढक्कन को ठीक करवा कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
