सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर की स्पेशल डिटेक्शन टीम (सब-डिवीजन पांवटा साहिब) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप बरामद की है। मामले की शुरुआत 8 मार्च 2026 को हुई थी जब गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आमिर और मोहम्मद नवाज (दोनों निवासी बेहट, सहारनपुर, यूपी) को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ दबोचा था। आरोपियों के पास से उस समय 11,040 नशीले कैप्सूल और 4,200 नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। अन्वेषण को गहनता से आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने तीसरे आरोपी शाकिब (निवासी चिल्काना) को गिरफ्तार किया, जिसे माननीय अदालत ने 12 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
इसी कड़ी में 10 मार्च को पुलिस को चौथी बड़ी सफलता मिली, जब बॉबी कुमार (निवासी अतरगढ़, सहारनपुर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बॉबी के कब्जे से 3,600 अतिरिक्त नशीले कैप्सूल और 600 नशीली गोलियां बरामद की हैं। इस पूरे प्रकरण (अभियोग संख्या 54/26) में पुलिस अब तक कुल 14,640 नशीले कैप्सूल और 4,800 नशीली गोलियां जब्त कर चुकी है। आरोपी बॉबी कुमार को अदालत ने 14 मार्च 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पांवटा साहिब पुलिस अब इन चारों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि सिरमौर और आसपास के इलाकों में इनका नेटवर्क कहाँ-कहाँ फैला था और इस गिरोह का मुख्य सरगना कौन है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
