सबसे तेज खबर/नाहन
औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब के नारीवाला स्थित ‘यमुना बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी और गबन का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी के लेखाकार (Accountant) मोहित कुमार की शिकायत पर पुरुवाला पुलिस ने गाजियाबाद और बरेली के दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर कंपनी के लाखों रुपये हड़पने के साथ-साथ नकद राशि, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंपनी की गाड़ी लेकर फरार होने का आरोप है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद स्थित ‘M/S K.M. इंजीनियरिंग सॉल्यूशन’ कंपनी यमुना बेवरेजेस को मशीनरी, स्पेयर पार्ट्स और कच्चा माल सप्लाई करती थी। रिकॉर्ड के मुताबिक, यमुना बेवरेजेस ने इस फर्म को कुल 4,33,81,569 रुपये का भुगतान किया था, लेकिन इसके बदले में उन्हें केवल 3,66,93,114 रुपये की ही सप्लाई प्राप्त हुई। इस प्रकार कंपनी के 66,88,455 रुपये फर्म के मालिक कवेश मल्होत्रा के पास बकाया थे, जिसे वह लौटाने में टालमटोल कर रहा था।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब 1 मार्च 2026 को आरोपी कवेश मल्होत्रा अपने साथी ललित कुमार श्रीवास्तव (निवासी बरेली) के साथ मिलकर कंपनी परिसर से दो लाख रुपये नकद, जरूरी कागजात और कंपनी की बोलेरो गाड़ी (HP17G-1408) लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद जब आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा और बकाया राशि वापस नहीं मिली, तब कंपनी प्रबंधन ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुरुवाला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें गाजियाबाद और बरेली में आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
