सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
शिक्षा खंड माजरा के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) भरोग बनेड़ी के दो होनहार छात्रों ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मेधावी छात्र सुधि शर्मा और प्रियेश आनंद की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत दोनों छात्रों को कक्षा नौवीं से बारहवीं तक प्रति वर्ष 12,000 रुपये (1,000 रुपये प्रतिमाह) की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु दी जाती है। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर पर आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और विषयगत ज्ञान का कड़ा परीक्षण किया जाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय प्रकाश ने छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए बताया कि हर वर्ष विद्यालय के विद्यार्थी इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ टीजीटी आर्ट्स कपिल देव के मार्गदर्शन और बेहतरीन शिक्षण को दिया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों ने भी दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
