सबसे तेज खबर/ हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को तेज धूप के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में गर्मी का अहसास हुआ और कई इलाकों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इससे लोगों को जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। बुधवार को सुंदरनगर, भुंतर, ऊना, सोलन, कांगड़ा, बरठीं और हमीरपुर के नेरी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मार्च महीने में प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 7, 9 और 10 मार्च को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 11 मार्च को भी ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तथा मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में अलग-थलग जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि मार्च महीने में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की 55 से 75 प्रतिशत तक संभावना है, जिससे रातें भी अपेक्षाकृत गर्म रह सकती हैं। वहीं मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना 45 से 75 प्रतिशत तक जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार फरवरी महीने में प्रदेश में सामान्य से 85 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जो वर्ष 1901 के बाद नौवां सबसे कम वर्षा वाला फरवरी महीना माना जा रहा है। पूरे शीतकालीन सीजन में भी प्रदेश में सामान्य से 45 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा और वर्षा सामान्य से कम रही, तो प्रदेश में प्राकृतिक जल स्रोतों पर दबाव बढ़ सकता है और पहाड़ी क्षेत्रों में पानी की कमी की स्थिति भी बन सकती है।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.