सबसे तेज खबर/नाहन

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सिरमौर, सोना चौहान के नेतृत्व में परिवहन विभाग ने पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान औचक निरीक्षण करते हुए दर्जनों वाहनों के चालान किए गए और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने वाले कई वाहनों को मौके पर ही जब्त (इम्पाउंड) कर लिया गया। आज की कार्रवाई के दौरान RTO सोना चौहान ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान एक निजी वाहन को अवैध रूप से बच्चों को ले जाते हुए पाया गया, जो कि परिवहन नियमों का गंभीर उल्लंघन था। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने उक्त वाहन को तुरंत जब्त कर पुलिस थाना माजरा के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा, नियमों की अवहेलना करने वाले दो भारी टिप्परों को भी पुलिस चौकी बांगरन में इम्पाउंड किया गया है। आज की इस कार्रवाई में कुल 12 चालान किए गए, जिनसे लगभग ₹4,47,500 की जुर्माना राशि सरकारी खजाने में आने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि यह इस महीने की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 13 फरवरी 2026 को भी विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया था, जिसमें 20-22 वाहनों के चालान काटकर लगभग ₹14,50,000 का राजस्व अर्जित किया गया था। उस दौरान एक ऐसी स्कूल बस को भी पकड़ा गया था जो बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट के सड़क पर दौड़ रही थी। उसे भी मौके पर ही इम्पाउंड कर दिया गया था। विभाग का कहना है कि स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। RTO सोना चौहान ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जिला सिरमौर की सड़कों पर बिना फिटनेस, बिना परमिट और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने वाहन मालिकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज दुरुस्त रखें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाया जा सके।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.