सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र से एक प्रेरक सफलता की कहानी सामने आई है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अभिनव अत्री ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में प्रोबेशनरी ऑफिसर (पी.ओ.) के पद पर पहले ही प्रयास में चयनित होकर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। धारटीधार क्षेत्र के छोटे से गांव छछेती निवासी अभिनव साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े अभिनव ने कभी भी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर उन्होंने मात्र दो वर्षों की तैयारी में ही यह प्रतिष्ठित मुकाम हासिल कर लिया।

अभिनव की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी को अपनी राह की बाधा मान लेते हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो सफलता अवश्य मिलती है। उनके पिता धर्मेंद्र अत्री और माता संगीता अत्री ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया। परिवार के सहयोग और अपने समर्पण के बल पर अभिनव ने यह उपलब्धि हासिल की, जिससे पूरे इलाके में गर्व का माहौल है। अभिनव की यह सफलता संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत के साथ किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
