सबसे तेज खबर/ शिलाई (नीलम ठाकुर)

जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के द्राबिल गांव की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुषमा शर्मा को राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर से पदोन्नत कर इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सुषमा शर्मा ने कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खेल के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के बाद अब वे खाकी वर्दी में भी नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
उनके पिता मदन शर्मा ने बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुषमा ने पहले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी में पहचान बनाई और परिवार व प्रदेश का मान बढ़ाया। अब राजस्थान पुलिस में इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत होकर उन्होंने परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह क्षण सुषमा की वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। क्षेत्रवासियों ने भी सुषमा शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.