सबसे तेज खबर/चण्डीगढ़

जिला सिरमौर के सतौन क्षेत्र से शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयास फाउंडेशन के तत्वावधान में मेधावी विद्यार्थियों का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों का दल चंडीगढ़ पहुंचा, जहां उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं न्यायिक संस्थानों का अवलोकन कर महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए। भ्रमण के प्रथम दिन दल ने पंजाब विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया। यहां कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) रेनू विग, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ विद्यार्थियों की परिचर्चा आयोजित हुई, जिसमें उन्हें भविष्य की दिशा तय करने संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के छात्र केंद्र एवं लाइब्रेरी का अवलोकन किया। शाम को विद्यार्थियों को एलांटे मॉल का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्होंने फिल्म देखकर देशभक्ति की भावना का अनुभव साझा किया। द्वितीय दिवस पर विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा किया। दल ने जाकिर हुसैन रोज़ गार्डन में आगामी रोज़ फेस्टिवल की तैयारियां देखीं, इसके बाद रॉक गार्डन और सुखना झील का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने इन स्थलों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव बताया।


यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय रहा, जहां विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यवाही देखने का अवसर मिला। अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने न्यायिक प्रक्रिया को निकट से समझा तथा न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं से संवाद किया। इस पहल की सराहना करते हुए न्यायालय से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने इसे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस भ्रमण में कुल 30 मेधावी विद्यार्थियों सहित लगभग 50 लोग शामिल रहे। वापसी पर अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने प्रयास फाउंडेशन और संयोजक दिनेश सिंह चौहान के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और उन्हें वास्तविक जीवन से जुड़ी सीख प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अनुभव से विद्यार्थियों का ज्ञान एवं आत्मविश्वास दोनों बढ़ेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलेगा।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.