सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब

पांवटा साहिब क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोया को CBSE का दर्जा प्रदान किया गया है, जिसे स्थानीय स्तर पर ऐतिहासिक और सराहनीय कदम माना जा रहा है। कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान ने वीरवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि CBSE मान्यता प्राप्त होने से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, समान पाठ्यक्रम और देशभर में शिक्षा के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों तथा उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा कि विद्यालय को CBSE दर्जा मिलने से अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और अब उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन, प्रशिक्षित शिक्षक, आधुनिक पाठ्यक्रम तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा प्राप्त होगी। यह कदम क्षेत्र के शैक्षणिक मानकों को ऊंचा उठाने के साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। अंत में उन्होंने राज्य सरकार के संबंधित विभागों, शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद व्यक्त किया, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह संभव हो सका।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.