सबसे तेज खबर/शिलाई
राजकीय महाविद्यालय शिलाई के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा मेडिकल विद्यार्थियों के लिए कांडो भटनोल स्थित पुंडीर एग्रो एंड मशरूम फार्म का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑयस्टर व बटन मशरूम के उत्पादन संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। यह भ्रमण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। भ्रमण के दौरान मशरूम फार्म के प्रमुख विजय पुंडीर ने विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन के लिए स्वच्छ वातावरण, नियंत्रित तापमान, उचित आर्द्रता, गुणवत्तापूर्ण स्पॉन तथा जैविक खाद की आवश्यकता होती है।
उन्होंने मशरूम की पोषणात्मक एवं औषधीय महत्ता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रोटीन, विटामिन और खनिजों का उत्तम स्रोत है। इस अवसर पर वनस्पति विज्ञान की सहायक आचार्या डॉ. सुजाता खमन की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन की तकनीकी प्रक्रिया, प्रशिक्षण प्राप्त करने के तरीके तथा इस क्षेत्र में कौशल विकास के अवसरों के बारे में भी अवगत कराया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ और वे मशरूम खेती को स्वरोजगार व स्टार्टअप के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हुए।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
