सबसे तेज खबर/ शिलाई

राजकीय महाविद्यालय शिलाई के करियर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा चितकारा यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक दिवसीय करियर काउंसिलिंग एवं पर्सनल डेवलपमेंट सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को करियर विकल्पों, व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य निर्धारण में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संसार चंद ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य वक्ता डॉ. संजीव साहनी ने विद्यार्थियों को पर्सनल डेवलपमेंट और करियर काउंसिलिंग विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सकारात्मक सोच, संवाद कौशल, समय प्रबंधन तथा आत्म-मूल्यांकन को सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और रोजगार संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। इसके बाद वक्ता स्वर्ण कुमार ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संबोधित किया। उन्होंने ओवरथिंकिंग, तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण, नियमित दिनचर्या, योग-प्राणायाम और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर जोर दिया। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने प्रश्न रखे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.