सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब

उपमंडल पांवटा साहिब के जामनीवाला क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मनवीर पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनवीर मूल रूप से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और पांवटा साहिब व आसपास के क्षेत्रों में पेंटर का कार्य करता था। वह पिछले कई वर्षों से जामनीवाला में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलने पर माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन. एस. नेगी ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.