सबसे तेज खबर/नाहन

नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित सिरमौर क्रिकेट कप इन दिनों न केवल खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, बल्कि यहाँ पहली बार सिरमौर के प्राचीन और प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन ‘सिरमौरी मुड़े’ का स्टाल भी अपनी विशेष पहचान बना रहा है। गिरिपार क्षेत्र के क्यारी घुनडाह से संबंध रखने वाली ब्लॉगर और सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति नंबरदार द्वारा लगाया गया यह स्टाल खेल के रोमांच के बीच लोगों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। प्रीति का कहना है कि आज के दौर में गिरिपार क्षेत्र के बहुत से लोग शहरों में बस गए हैं। हालांकि वे शहरों में रह रहे हैं, लेकिन आज भी इस पारंपरिक स्वाद को भूले नहीं हैं। समस्या यह है कि शहरों की भागदौड़ में इसे बनाने का समय नहीं मिल पाता, इसलिए लोग आज भी इसे गांवों से ही बनवाकर मंगवाते हैं। प्रीतिका बताती हैं कि नई पीढ़ी धीरे-धीरे इस कला को भूलती जा रही है, इसीलिए उन्होंने इसे व्यावसायिक रूप देने की कोशिश की है ताकि यह व्यंजन हर घर तक आसानी से पहुँच सके।

उन्हें यह काम शुरू करने की प्रेरणा उत्तराखंड के प्रसिद्ध ‘नमक’ से मिली। प्रीति ने सोचा कि जब सामान्य नमक को सही पहचान और पैकेजिंग के साथ बेचा जा सकता है, तो ‘मुड़ा’ जैसा बेहतरीन व्यंजन क्यों नहीं, जो कि गिरिपार के हर त्योहार जैसे शादी, बूढ़ी दिवाली, माघ और जागरण में स्नैक्स के तौर पर अनिवार्य रूप से बनाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि एक बार भूनने के बाद यह साल भर तक खराब नहीं होता, बस इसे सीलन (नमी) से बचाना पड़ता है। इस व्यंजन को तैयार करने की प्रक्रिया काफी लंबी है। सबसे पहले गेहूं को उबालकर 8 से 10 दिनों तक सुखाया जाता है, फिर उसे भूना जाता है। इसके बाद इसमें नमक और मुरमुरा मिलाया जाता है। खास मौकों के लिए इसमें अखरोट भी शामिल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद लाजवाब हो जाता है। वर्तमान में यह स्टाल पर 50 रुपये में 300 ग्राम के पैकेट में उपलब्ध है। हालांकि अभी यह बिना अखरोट के मिल रहा है, लेकिन प्रीतिका का कहना है कि ग्राहकों की मांग पर वे जल्द ही ‘अखरोट वाला मुड़ा’ भी उपलब्ध कराएंगी। एक ब्लॉगर होने के नाते वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसे प्रमोट कर रही हैं ताकि सिरमौर का यह पारंपरिक स्वाद सात समंदर पार तक अपनी पहचान बना सके। प्रीति का मुख्य उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि अपनी लुप्त होती संस्कृति को नई पहचान दिलाना है।

Sabse Tez khabar/Nahan

The Sirmaur Cricket Cup, held at the historic Chaugan Ground in Nahan, is not only attracting sports fans, but for the first time, a stall selling Sirmaur’s ancient and famous traditional dish, “Sirmauri Mude,” is also making its mark. Set up by blogger and social activist Preeti Numberdar, who hails from Kyari Ghundah in the Giripar region, this stall is attempting to connect people with their roots and culture amidst the excitement of the game. Preeti says that many people from the Giripar region have settled in cities these days. Although they live in cities, they haven’t forgotten this traditional taste. The problem is that the hustle and bustle of cities doesn’t leave them time to prepare it, so people still order it from the villages. Preeti explains that the new generation is gradually forgetting this art, which is why she has tried to commercialize it so that this dish can be easily accessible to every household.

She was inspired by the famous salt of Uttarakhand. Preeti thought that if ordinary salt could be sold with proper identification and packaging, why not a delicious dish like “Muda,” a staple snack at every Giripar festival like weddings, old Diwali, Magh, and Jagran. Its greatest virtue is that once roasted, it stays intact for a year; it simply needs to be protected from moisture. The process of preparing this dish is quite lengthy. First, wheat is boiled and dried for 8 to 10 days, then roasted. Salt and puffed rice are then added. For special occasions, walnuts are also added, making it a wonderful flavor. Currently, it is available at the stall in a 300-gram packet for 50 rupees. Although it is currently available without walnuts, Preeti says that due to customer demand, she will soon make “Muda with Walnuts” available. As a blogger, she’s also promoting it through social media to make this traditional Sirmaur cuisine known across the seven seas. Preeti’s primary goal isn’t profit, but rather to give a new identity to her vanishing culture.


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.