सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत सालवाला में समाजसेवी प्रदीप चौहान ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए डोबरी सालवाला स्कूल में नशे से दूर रहने के विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। साथ ही नशे के दुष्परिणामों को दर्शाती एक नाटकीय प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहना के साथ देखा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदीप चौहान ने संकल्प व्यक्त किया कि नशे के खिलाफ यह जागरूकता अभियान चरणबद्ध तरीके से क्षेत्र के सभी स्कूलों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य प्रदान किया जा सके। इस अवसर पर स्कूल के हेड मास्टर ज्ञान चंद, सीएसटी आशा तोमर, कपिल शंकवाण, जगपाल चौहान, प्रकाश ठाकुर, रविन्द्र तोमर, एसएमसी प्रधान सुरेश चौहान, मीरा चौहान, विनोद चौधरी, मोहि राम शर्मा, नीलम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम को स्थानीय शिक्षकों और अभिभावकों का भी भरपूर सहयोग एवं समर्थन प्राप्त हुआ।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
