पांवटा साहिब में 77वां गणतंत्र दिवस: शौर्य और सम्मान का संगम…

सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में 77वें गणतंत्र दिवस को पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय पर्व को जन-जन तक पहुँचाने और इसे लोक उत्सव का स्वरूप देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों और उनके परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर एसडीएम पांवटा साहिब गुंजित सिंह चीमा ने ध्वजारोहण किया और क्षेत्र के रणबांकुरों की वीर गाथाओं को स्मरण करते हुए कहा कि पांवटा-शिलाई क्षेत्र का देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां के सैनिक हर कठिन परिस्थिति में देश की सेवा करते हुए क्षेत्र, जिला और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। ध्वजारोहण के उपरांत एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने पुलिस टुकड़ी की सलामी ली। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों द्वारा पथ संचलन किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का संचार कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने कहा कि ऐसे गौरवमय क्षण न केवल हमारे क्षेत्र बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने स्वच्छता पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन की आदत बनाना होगा तथा संविधान के मूल्यों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वीर नारियों का सम्मान रहा। इस अवसर पर एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने शहीदों की वीरांगनाओं और माताओं के त्याग, संघर्ष और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों का बलिदान भी देश के लिए अमूल्य है। सम्मानित की गई वीर नारियां एवं परिजन:वीरमाता कमला देवी (शहीद समीर), राजपुर वीरभाई रंगी लाल (शहीद राजेंद्र सिंह), बनोरवीरनारी वीना देवी (शहीद शैर सिंह), सूरजपुर वीरमाता मुरतो देवी (शहीद भरत सिंह), शखोली वीरमाता संतरो देवी (शहीद आशीष सिंह), भरलीवीरनारी वीना देवी (शहीद बलबीर सिंह), भैहड़ेवाला वीरनारी कोशल्या देवी (शहीद प्रीतम चंद), कोलरइस अवसर पर डीएसपी पांवटा साहिब, नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई के संरक्षक डॉ. एस.पी. खेड़ा, अध्यक्ष करनैल सिंह, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान, उपाध्यक्ष रामभज धीमान, सचिव ओमप्रकाश, सह-सचिव चमेल नेगी, कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, सह-कोषाध्यक्ष निर्मल सिंह, मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह सहित संगठन के कई वरिष्ठ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति के रंगों ने माहौल को और अधिक गौरवपूर्ण बना दिया।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.