शिलाई में 15 करोड़ की लागत से बन रहा मिनी सचिवालय… जुलाई 2026 तक जनता को समर्पित होगा आधुनिक प्रशासनिक परिसर
सबसे तेज खबर/ शिलाई (नीलम ठाकुर)
ट्रांस-गिरी क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से शिलाई में मिनी सचिवालय भवन का निर्माण कार्य जारी है। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह बहुमंजिला भवन क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। स्थानीय प्रशासन के अनुसार निर्माण कार्य वर्ष 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मिनी सचिवालय भवन का निर्माण कार्य एचसी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कंपनी ने भवन की आधारशिला से लेकर ढांचागत कार्यों तक तेजी से प्रगति की है। अधिकारियों के मुताबिक भवन के निर्माण में आधुनिक तकनीक और मजबूत संरचना का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि भविष्य में विभागों को किसी प्रकार की स्थान संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।
शिलाई और इसके आसपास के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में लंबे समय से एक केंद्रीकृत प्रशासनिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अलग-अलग विभागों के बिखरे होने के कारण न केवल लोगों को कई बार चक्कर लगाने पड़ते थे, बल्कि विभागों को भी भवनों की कमी का सामना करना पड़ता था।मिनी सचिवालय बनने के बाद राजस्व, वन विभाग, पंचायत, विकास, सामाजिक न्याय, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, लोक निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण विभाग एक ही छत के नीचे संचालित होंगे। इससे जनता के समय व धन की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यवाहियों में पारदर्शिता व गति आएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2022 में जयराम ठाकुर ने किया था।
क्षेत्रीय विकास को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस भवन को प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया था। शिलान्यास के बाद से निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे परियोजना अपने निर्धारित समय पर पूरी हो सके। एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह ने बताया कि मिनी सचिवालय भवन के निर्माण से क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग एक स्थान पर आने से न केवल जन शिकायतों का निपटारा सुगमता से होगा बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय भी बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भवन निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विभागीय टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। और उम्मीद है कि कार्य जुलाई 2026 तक पूरा हो जाएगा। मिनी सचिवालय भवन की प्रगति से स्थानीय लोगों में उत्साह है। स्थानीय निवासी नितिन चौहान, देवेंद्र बशवाल, रतनलाल शर्मा, का कहना है कि अब उन्हें छोटे-बड़े सरकारी कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने निर्माण कार्य पूरा होने से ट्रांस-गिरी क्षेत्र की वर्षों पुरानी प्रशासनिक समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद जताई है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
