सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब और धौलाकुआं में संचालित धान मंडियों में इन दिनों किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बीते 25 दिनों में दोनों मंडियों में करीब 40 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। हालात यह हैं कि प्रतिदिन करीब 140 ट्रैक्टर धान लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन सीमित झरनों पर छनाई-भराई होने के कारण किसानों को अपनी बारी के लिए दो-दो रातें मंडियों में गुजारनी पड़ रही हैं। पांवटा मंडी में रोजाना लगभग 100 ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं, जबकि धौलाकुआं में 35 से 40 ट्रैक्टर आते हैं। पांवटा की मंडी में 10 झरनों पर छनाई-भराई के चलते केवल 35 से 40 ट्रैक्टर ही प्रतिदिन खाली हो पा रहे हैं। इसी तरह धौलाकुआं में भी महज 15 से 20 ट्रैक्टरों की खरीद संभव हो पा रही है। बाकी किसान अपनी बारी का इंतज़ार करते हुए लाइनों में फंसे हैं। भीड़ और देरी से परेशान किसान अब हरियाणा की खिदराबाद और रणजीतपुर मंडियों का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हें सरकारी दर से करीब 200 रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर धान बेचना पड़ रहा है। किसान जसबीर सिंह, मूरख राम, द्वारका प्रसाद, रविंद्र और राजेश चौधरी ने बताया कि स्थानीय मंडियों में सरकारी रेट ₹2,389 प्रति क्विंटल मिलने के बावजूद दो दिन की दिहाड़ी व ट्रैक्टर खर्च बढ़ने से मुनाफा घट रहा है। किसानों का कहना है कि यदि खरीदी प्रक्रिया तेज नहीं की गई तो उन्हें मजबूरन बाहर की मंडियों में औने-पौने दामों पर धान बेचना पड़ेगा।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.