सबसे तेज खबर/ शिलाई (नीलम ठाकुर)
सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत बेला के गांव डिम्टी के दिनेश ठाकुर एशियन मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता आगामी 5 से 9 नवंबर 2025 तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। दिनेश ठाकुर 200 मीटर और 400 मीटर रेस में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगे। इस बात की जानकारी मास्टर एथलेटिक्स फेडरेशन के सचिव भीष्म चौहान ने दी।
राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब रेजिमेंट में अपनी पहचान बना चुके गोल्ड मेडलिस्ट दिनेश ठाकुर ने लगभग 9 बर्ष वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैनीधार में बतौर व्यावसायिक शिक्षक भी अपनी सेवाएं दी है। इसके साथ ही वह इन दिनों सिविल अस्पताल शिलाई में काउंसलर के रूप में समाज सेवा में भी सक्रिय हैं। अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद खेलों के प्रति उनकी लगन और युवाओं को निःशुल्क कोचिंग देने का जज़्बा उन्हें अलग पहचान देता है। दिनेश ठाकुर के पिता स्व. एडवोकेट चंदन ठाकुर और माता गुरदेई देवी का निधन हो चुका है, लेकिन उन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर सफलता की नई कहानी लिखी है। उनके छोटे भाई दिग्विजय ठाकुर शिलाई में अधिवक्ता हैं। सिरमौर का यह बेटा अब एशिया के मंच पर भारत का परचम लहराने को तैयार है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
