सबसे तेज़ खबर/पांवटा साहिब(नीलम ठाकुर)
पांवटा साहिब महाविद्यालय परिसर में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पांवटा इकाई ने प्रदेश स्तर पर छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए एक ज्ञापन प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा। एबीवीपी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कुल आठ मुख्य मांगें रखी गईं, जिनमें छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली के तहत छात्र संघ चुनावों की पुनः शुरुआत, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को शीघ्र लागू करने की मांग, तथा प्रदेश में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने हेतु कड़े कदम उठाने की मांग प्रमुख रहीं।
इसके अतिरिक्त, ज्ञापन में महाविद्यालयों में आधारभूत ढांचे, छात्रावास, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ करने, परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने, छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने और आपदा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवज़ा दिए जाने की भी मांग की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व एबीवीपी इकाई मंत्री शिवानी चौहान ने किया। उनके साथ वंश भंडारी, आशीष शर्मा, ऋषभ, मनीष और जतिन सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
