सबसे तेज़ खबर/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून ने भीषण तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदाओं से अब तक राज्य को 700 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए अहम निर्णय लिया गया। सरकार ऐसे परिवारों को रहने के लिए हर महीने 5000 रुपये किराया देगी। इसके अलावा, प्रभावित परिवारों को राशन और अन्य जरूरी सामान भी मुहैया कराया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि 20 जून से अब तक राज्य में 69 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 लोग लापता हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सहायता की अपील की है और बताया कि केंद्रीय टीम नुकसान का आकलन करने के लिए राज्य पहुंच चुकी है। सुक्खू ने बादल फटने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और कहा कि इसका वैज्ञानिक विश्लेषण कर भविष्य में बचाव के उपाय खोजे जाएंगे। फिलहाल राज्य की 280 सड़कों पर यातायात बंद है, 332 जगहों पर बिजली सेवाएं ठप हैं और 784 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष और कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में राजनीति नहीं, मदद की जरूरत है। उन्होंने फोरलेन निर्माण में NHAI की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की बात कही।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.