सबसे तेज खबर/शिमला (हेमंत शर्मा)

शिमला स्थित अटल सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में थायराइड टेस्ट एक बार फिर से जल्द शुरू होने जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी है कि परीक्षण के लिए आवश्यक रिजेंट किट की नई खेप मंगवा ली गई है। जल्द ही मरीजों के लिए थायराइड टेस्ट की सुविधा बहाल कर दी जाएगी। पिछले कई दिनों से अस्पताल में रिजेंट किट की अनुपलब्धता के कारण थायराइड टेस्ट बंद थे, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच न होने के कारण मरीजों को मजबूरन निजी लैब्स का रुख करना पड़ा, जहां उन्हें अधिक शुल्क चुकाना पड़ा और रिपोर्ट मिलने में भी देरी हुई।

अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. बृज शर्मा ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिजेंट किट मंगवा दी गई हैं और जल्द ही नियमित रूप से थायराइड की जांच शुरू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि अटल सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल प्रदेश का एकमात्र ऐसा सरकारी अस्पताल है, जहां रोजाना 700 से 800 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी आवश्यक टेस्ट की सुविधा का न होना मरीजों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।अब उम्मीद की जा रही है कि टेस्ट सुविधा बहाल होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका इलाज समय पर हो सकेगा।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.