सबसे तेज खबर/ सूरजपुर

जिला सिरमौर – पर्यावरण संरक्षण और योग के समन्वय से ही मानव स्वास्थ्य की संपूर्ण रक्षा संभव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयुष विभाग, जिला सिरमौर द्वारा उपमंडल सूरजपुर में “हरित योग संगम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ० जसप्रीत कौर की देखरेख में किया गया, जिसमें रोटरी क्लब पांवटा साहिब के पदाधिकारियों ने भी भागीदारी की। इस अवसर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और योगाभ्यास जैसी कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण और योग की महत्ता के बारे में जागरूक किया गया। डॉ० जसप्रीत कौर ने बताया कि “हरित योग” एक नई पहल है जो 2025 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” से प्रेरित है। यह थीम इस बात पर बल देती है कि मानव स्वास्थ्य और पृथ्वी की सेहत परस्पर गहराई से जुड़ी हुई हैं।

डॉ० जसप्रीत कौर ने कहा कि योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और चेतना को भी जागृत करता है। उन्होंने यह भी बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष उपमंडल सूरजपुर के सभी आयुष स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इसके लिए एक माह पूर्व ही प्री-योगा गतिविधियों की शुरुआत कर दी गई थी, जिसके अंतर्गत कुल 11,776 लोगों को योग प्रशिक्षण दिया गया — जिनमें 901 पुरुष, 1,838 महिलाएं और 9,037 बच्चे शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के अध्यक्ष महेश खुराना, वरिष्ठ आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रमोद पारिख, डॉ चेतना अग्रवाल, डॉ पूजा चौधरी, डॉ पंकज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं, आयुष विभाग से फार्मेसी अधिकारी खजान सिंह, उपेंद्र ठाकुर, मनोज शर्मा और शोएब अली ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।डॉ० कौर ने समाज के सभी वर्गों से 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की और कहा कि हरित योग जैसे अभियान हमारे समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण की दिशा में सशक्त बना सकते हैं।


Discover more from सबसे तेज़ खबर

Subscribe to get the latest posts sent to your email.