सबसे तेज खबर/ शिमला (हेमंत शर्मा)
राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 22 जून की शाम अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित की जा रही है। इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, अन्य मंत्रिमंडलीय सहयोगी और शिमला से विधायक हरिश जनारथा मौजूद रहेंगे।
ऑर्गेनाइजेशन के महासचिव यदि ठाकुर ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में करीब छह देशों के पेशेवर बॉक्सर भाग लेंगे। यह आयोजन न केवल खेल के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि शिमला को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी नई पहचान देगा। रिज मैदान पर शाम 4 बजे से शुरू होने वाली यह प्रतियोगिता दर्शकों के लिए एक रोमांचक अनुभव होगी। आयोजकों का कहना है कि सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। यह पहली बार है जब शिमला में इतने बड़े स्तर की प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता हो रही है, जिससे स्थानीय खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
Discover more from सबसे तेज़ खबर
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



